सीईसी के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम, खरगे रखेंगे प्रस्ताव और राहुल देंगे समापन भाषण

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 30 अक्टूबर (ए) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर अपना विरोध तेज करते हुए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ शुक्रवार को सांकेतिक ‘‘जन महाभियोग’’ कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसकी अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार करेंगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इसमें ‘प्रस्ताव’ पेश करेंगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे।यह कदम चुनाव आयोग के खिलाफ उनके उस अभियान को और तेज करेगा, जिसमें उन्होंने आयोग पर लोकतांत्रिक सुरक्षा उपायों को कमजोर करने का आरोप लगाया है।सूत्रों ने बताया कि लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लाए जा रहे ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी, जबकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस कार्यक्रम की कार्यवाही की शुरुआत करते हुए ‘महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे और इसे पारित किए जाने से पहले पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समापन भाषण देंगे। ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने यहां खरगे के आवास पर बैठक कर ”जन महाभियोग” की कार्यवाही को अंतिम रूप दिया। गठबंधन के नेता कथित ”वोट चोरी” के मुद्दे पर सांकेतिक विरोध के तौर पर खरगे के आवास पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह ”जन महाभियोग” कार्यक्रम आयोजित करने वाले हैं।इस संदर्भ में गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में प्रस्तावित ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ कार्यक्रम के स्वरूप, रणनीति और प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की गयी। बैठक में इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। सूत्रों ने बताया कि महाभियोग के दौरान गठबंधन के घटक दलों के प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आरोपों की सूची प्रस्तुत की जायेगी। इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कारण मतदाता सूची से प्रभावित लोगों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।