नयी दिल्ली: 31 अक्टूबर (ए) दिल्ली पुलिस के साथ शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में यूईआर-2 राजमार्ग के पास हुई मुठभेड़ में हाशिम बाबा गिरोह का एक संदिग्ध शूटर घायल हो गया। वह एक नाबालिग की हत्या समेत हत्या के दो मामलों में वांछित था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ उस समय हुई जब पुलिस ने आरोपी शिवम को रोकने की कोशिश की। वह कथित तौर पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, रुकने के लिए कहे जाने पर शिवम ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब सात गोलियां चलीं।
पुलिस ने बताया कि शिवम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।
शिवम डाबड़ी थाने में दर्ज हत्या के दो मामलों में वांछित था। इनमें एक मामला नाबालिग की हत्या से संबंधित है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अब अन्य आपराधिक गतिविधियों में उसकी कथित संलिप्तता की जांच कर रही है। साथ ही हाशिम बाबा गिरोह के व्यापक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
