बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना एक और चक्रवात ‘मुरासु’, दक्षिण ओडिशा में हाई अलर्ट

राष्ट्रीय
Spread the love

भुवनेश्वर: एक नवंबर (ए) बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहन दबाव रविवार को चक्रवाती तूफान में बदल गया, जिसके बाद ओडिशा सरकार ने राज्य के दक्षिणी हिस्से में किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, यह तीन नवंबर की सुबह नेल्लोर और नरसापुर के बीच आंध्र प्रदेश के तट को पार कर सकता है। विभाग के अनुसार, इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो बढ़कर 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक नवंबर को गहन अवदाब और अधिक तीव्र होकर चक्रवाती तूफान मुरासु में बदल गया। फिलहाल यह दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य हिस्से में केंद्रित है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और दो नवंबर की सुबह तक और अधिक ताकतवर होने की संभावना है। इसके बाद यह प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। तूफान के दो नवंबर की आधी रात से तीन नवंबर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने तीन और चार नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी चलने और बिजली गिरने की आशंका है। हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा एक और दो नवंबर तथा पांच से सात नवंबर के दौरान भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।तूफान का सबसे अधिक प्रभाव दक्षिण भारत सहित कई राज्यों में रहने की संभावना है। दो और तीन नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तीन नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा में दो से चार नवंबर के दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है। तीन और चार नवंबर को दक्षिणी ओडिशा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा तमिलनाडु और केरल में भी बारिश का अलर्ट है।