शाहरुख खान ने ‘मन्नत’ के बाहर प्रशंसकों के लिए हाथ से लिखा भावुक संदेश साझा किया

मनोरंजन
Spread the love

मुंबई, दो नवंबर (ए) अभिनेता शाहरुख खान ने सोमवार को अपने 61वें जन्मदिन के अवसर पर प्रशंसकों के प्यार और शुभकामनाओं के लिए हाथ से लिखा आभार संदेश साझा किया। यह संदेश उनके आवास ‘मन्नत’ के बाहर लगी एक बड़े स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया।

अभिनेता आमतौर पर अपने घर की बालकनी से प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं, लेकिन इस साल उन्होंने मन्नत के बाहर जन्मदिन पर प्रशंसकों के सामने आने की अपनी परंपरा को छोड़ दिया। हालांकि, उन्होंने अपने प्रशंसकों से जुड़ने का एक अलग तरीका अपनाया। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में प्रशंसक मुंबई स्थित उनके आवास के बाहर एकत्र हुए।

‘मन्नत’ के बाहर प्रदर्शित संदेश में लिखा था, ‘‘आप सभी की शुभकामनाओं और प्यार के लिए धन्यवाद। मेरी ओर से भी आप सभी को ढेर सारा प्यार।’’

शाहरुख ने संदेश के अंत में लिखा, ‘‘ढेर सारा प्यार और एक बड़ी-सी झप्पी।’’

इस स्क्रीन पर उनकी आगामी फिल्म ‘किंग’ के दो विशाल पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। इनमें फिल्म के दो संवाद- ‘किंग अकेला काफी है’ और ‘डर नहीं, दहशत हूं’ शामिल थे।

अभिनेता ने मध्यरात्रि के समय फिल्म का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ भी जारी किया। सचिन-जिगर द्वारा संगीतबद्ध इस गाने को अरिजीत सिंह, एड शीरन और मधुबंती बागची ने अपनी आवाज दी है।

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के साथ मिलकर किया है। ‘किंग’ 24 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

इस फिल्म के जरिए शाहरुख 2023 में आई फिल्म ‘पठान’ के बाद एक बार फिर निर्देशक आनंद के साथ काम कर रहे हैं।

‘किंग’ तीन साल बाद बड़े पर्दे पर शाहरुख की वापसी का प्रतीक है। वर्ष 2023 में उनकी तीन फिल्म- ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं।

यह फिल्म पहली बार शाहरुख और उनकी बेटी सुहाना खान को पर्दे पर एक साथ ला रही है।

इस एक्शन मनोरंजक फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अरशद वारसी, अनिल कपूर, जयदीप अहलावत और राघव जुयाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।