बर्तन धोने को लेकर झगड़े के बाद एक व्यक्ति की हत्या

राष्ट्रीय
Spread the love

पालघर (महाराष्ट्र): आठ नवंबर (ए) महाराष्ट्र के पालघर जिले में बर्तन धोने और रसोई के काम को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने 28 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह घटना शनिवार रात बोइसर इलाके में हुई।दोनों व्यक्ति पेंटर का काम करते थे और महावीर नगर में किराये के एक कमरे में साथ रहते थे।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, दोनों के बीच रसोई के काम और बर्तन धोने को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।

पुलिस ने बताया कि धनंजय साहनी (29) ने कथित तौर पर अपने साथ रहने वाले छोटेलाल सैनी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

शोर सुनकर कुछ पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सैनी को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन चिकित्सा सहायता मिलने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2) (हत्या से संबंधित) के तहत मामला दर्ज किया गया है।