दिवाली के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, आठ नवंबर (ए) दिल्ली पुलिस ने दिवाली के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के सभी 15 जिलों में पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और बाजारों, ‘शॉपिंग कॉम्प्लेक्स’, धार्मिक स्थलों, मेट्रो स्टेशन, बस अड्डों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

पुलिस दलों को पहले ही सतर्कता बढ़ाने और गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सुरक्षा इंतजाम की जिला स्तर पर समीक्षा भी की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘दिवाली के मद्देनजर पूरी राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सभी जिला पुलिस इकाइयों को ‘हाई अलर्ट’ पर रहने और विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले इलाकों एवं संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।’’

उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं। आपराधिक गतिविधियों को रोकने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस नाकों की संख्या बढ़ाई गई है और वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस महत्वपूर्ण स्थानों और भीड़ की आवाजाही पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी (क्लोज सर्किट टेलीविजन) कैमरों और निगरानी के अन्य माध्यमों का भी इस्तेमाल कर रही है।

लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की सलाह दी गई है।