चुनावी हार के बाद ट्रंप ने माना, आव्रजन नीति में बरती गई ज्यादा सख्ती

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: नौ नवंबर (ए) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों में करारी हार के बाद स्वीकार किया कि उनकी आव्रजन नीति ‘‘बहुत सख्त’’ थी और वह आने वाले वर्षों में डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार हैं।

तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया। पार्टी ने उन कई सीटों पर भी जीत दर्ज की, जिन पर पहले रिपब्लिकन पार्टी का कब्जा था, जिससे राष्ट्रपति ट्रंप को बड़ा चुनावी झटका लगा।

चुनाव नतीजों से पता चला कि आव्रजन के मुद्दे, अर्थव्यवस्था, ईरान युद्ध और बढ़ती महंगाई से निपटने के ट्रंप के तरीके से मतदाता नाखुश हैं।

ट्रंप ने अपने प्रशासन की निर्वासन नीति के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में ‘सीबीएस’ के कार्यक्रम ‘60 मिनट्स’ में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह बहुत सख्त थी। मुझे लगता है कि शायद यह जरूरत से ज्यादा सख्त थी।’’’

यह साक्षात्कार शुक्रवार को रिकॉर्ड किया गया था और रविवार शाम को प्रसारित हुआ।

साक्षात्कार रिकॉर्ड होने के कुछ ही समय बाद ट्रंप ने आव्रजन के खिलाफ अपने कड़े विचारों के लिए पहचाने जाने वाले स्टीफन मिलर को अपना चीफ ऑफ स्टाफ नियुक्त किया। इससे इस बात पर सवाल उठने लगे हैं कि क्या राष्ट्रपति वास्तव में अपनी नीतियों में कोई बड़ा बदलाव करेंगे।

ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों से सबसे अधिक प्रभावित होने वालों में भारतीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कर्मचारी भी शामिल रहे हैं।

रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार के कारणों के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने उन वजहों का जिक्र किया, जिन्हें आम तौर पर इस हार के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। उन्होंने इसके लिए ईरान युद्ध और पेट्रोल की कीमतों को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही इजराइल के प्रति लोगों की नाराजगी को भी एक वजह बताया।

ट्रंप ने कहा, ‘‘लोगों को युद्ध रास नहीं आया। उन्हें यह बात पसंद नहीं आई कि पेट्रोल की कीमतें बढ़ गईं, जबकि मैंने इन्हें निचले स्तर पर ला दिया था। इसके अलावा, इजराइल को लेकर लोगों में बहुत ज्यादा नाराजगी है।’’

राष्ट्रपति ने कहा कि आव्रजन पर उनकी सख्त कार्रवाई का चुनाव में ‘‘उन्हें फायदा भी हुआ और नुकसान भी।’’

ट्रंप ने कहा कि उनका मानना है कि सीमा को बंद करने के लिए उन्हें ‘ए प्लस’ ग्रेड मिला और ‘‘गलत लोगों को देश से बाहर निकालने के लिए भी उन्हें बहुत अच्छे अंक मिले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘‘लेकिन मुझे इस वजह से नुकसान भी हुआ कि हमने ऐसे लोगों को भी देश से बाहर निकाला, जिनके पास अच्छी नौकरियां थीं और जिन्होंने सिर्फ एक नियम का उल्लंघन किया था या कानून तोड़ा था। उनका अपराध सिर्फ इतना था कि वे अवैध रूप से देश में दाखिल हुए थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब देश का एक बड़ा वर्ग मानता है कि ऐसे लोगों को देश से बाहर निकाल देना चाहिए। वहीं, एक बड़ा वर्ग ऐसा भी है जो मानता है कि यदि वे अच्छे लोग हैं और किसी लैंडस्केपिंग कंपनी (बागवानी संबंधी काम करने वाली कंपनी), होटल या किसी अन्य जगह पर काम कर रहे हैं, तो उन्हें देश में रहने की अनुमति मिलनी चाहिए। कुछ मामलों में वे कर भी चुका रहे हैं।’’

रिपब्लिकन नेता ने फिर दोहराया, ‘‘मुझे लगता है कि हमारी नीति बहुत सख्त थी।’’ ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध होने से रोका था।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। मैंने आठ युद्ध खत्म कराए हैं। मेरा मतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध होने वाला था। मैंने उसे शुरू होने से पहले ही रुकवा दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनके 11 विमान मार गिराए गए थे। वे युद्ध के लिए तैयार थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा था कि ‘ट्रंप ने 30 से 50 लाख लोगों की जान बचाई।’ मैंने कई युद्ध सुलझाए हैं।’’

भारत ने 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद सात मई, 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया था।

नयी दिल्ली ने अमेरिका की मध्यस्थता के ट्रंप के दावों को लगातार खारिज किया है। भारत का कहना है कि सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति दोनों देशों के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच 10 मई, 2025 को सीधे बातचीत के बाद बनी थी।

भारत ने यह भी कहा है कि संघर्ष के दौरान अमेरिका के साथ व्यापार से संबंधित कोई बातचीत नहीं हुई थी।

ट्रंप ने उम्मीद जताई कि लोग उनके निधन के बाद उन्हें याद करेंगे।

उन्होंने खुद को ‘‘धार्मिक व्यक्ति’’ भी बताया और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उन्हें स्वर्ग में जगह मिलेगी।