उत्तम नगर में इमारत के पार्किंग क्षेत्र में लगी आग में झुलसे व्यक्ति की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: नौ नवंबर (ए) दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक बहुमंजिला इमारत के पार्किंग क्षेत्र में लगी आग में 95 प्रतिशत झुलसे 53 वर्षीय व्यक्ति की सोमवार को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इस पार्किंग स्थल पर रविवार सुबह दिवाली पर पटाखे के कारण आग लगने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि इमारत के पार्किंग स्थल में खड़े सात वाहन आग की चपेट में आ गए, साथ ही भूतल और पहली मंजिल पर रखे घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सुनील भंडारी के रूप में हुई है, जो लपटों और घने धुएं के बीच इमारत की तीसरी मंजिल पर फंस गए थे।

दमकलकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला और दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल पहुंचाया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:36 बजे एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

घटनास्थल पर पहुंचने पर दमकलकर्मियों ने पाया कि इमारत के पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों में आग लगी थी। इसके बाद आग अन्य वाहनों तथा भूतल और पहली मंजिल पर रखे घरेलू सामान तक फैल गई।

शुरुआती जानकारी से संकेत मिलता है कि पटाखे से निकली एक चिंगारी पार्किंग क्षेत्र में गिरी, जिससे आग लग गई। तीसरी मंजिल पर मौजूद भंडारी इमारत में आग और धुआं फैलने के कारण बाहर नहीं निकल सके। दमकलकर्मियों ने बचाव अभियान चलाकर उन्हें बाहर निकाला।

भंडारी को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के वाहन की मदद से सुबह करीब 8:10 बजे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने पाया कि वह 95 फीसदी झुलस चुके थे और उनकी हालत गंभीर थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सटीक कारण का पता लगाया जा रहा है।