बागपत (उप्र): 10 नवंबर (ए) आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्होंने थोड़ी समझदारी दिखाई होती तो प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सूपड़ा साफ हो जाता।
सांसद चंद्रशेखर बागपत के टीकरी पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक शोक संत्पत कार्यकर्ता के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।उन्होंने रालोद प्रमुख जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर जयंत चौधरी ने थोड़ी समझदारी दिखाई (भाजपा के विरोध में होते) होती तो प्रदेश में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाता।”
रालोद, 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल के रूप में शामिल हुआ था।
जबकि 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रालोद, राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन का हिस्सा था।
चंद्रशेखर ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में कहा कि आजाद समाज पार्टी मुस्लिम समुदाय के मुद्दों को लेकर भी चुनाव लड़ेगी और उनके सवालों को प्रमुखता से उठाएगी।
उन्होंने इस दौरान गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की पीठ स्थापित करने की मांग भी उठाई।
चंद्रशेखर ने पंचायत चुनाव में देरी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद प्रदेश में पंचायत चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।
सांसद ने कहा कि सरकार डंडे के दम पर शासन चला रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
