पटना: 10 नवंबर (ए) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना में गंगा नदी पर दीघा घाट से गांधी घाट के बीच कैटामरैन वेसल सेवा (जल मेट्रो) की शुरुआत की।
इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ लोगों को आवागमन का वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने दीघा घाट से जल मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की यह पहल पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आधुनिक एवं सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराएगी तथा इससे गंगा नदी पर पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
एक अधिकारी के मुताबिक, इस सेवा से लोगों को भीड़भाड़ वाले अशोक राजपथ के मुकाबले आवागमन का वैकल्पिक मार्ग भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, 50 यात्रियों की क्षमता वाली इस नौका में हाइब्रिड इंजन लगाया गया है, जो मुख्य रूप से बिजली से संचालित होगा।
एक बयान में बताया गया कि इससे वायु, जल और ध्वनि प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
बयान के मुताबिक, नौका में वातानुकूलन, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, शौचालय और दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी है। फिलहाल यह सेवा दीघा घाट और गांधी घाट के बीच संचालित होगी।
बयान के मुताबिक, भविष्य में इसका विस्तार कंगन घाट तक करने की योजना है।
नौका के संचालन के लिए दोनों घाटों पर फास्ट चार्जिंग और किनारे पर चार्जिंग की सुविधाएं स्थापित की गई हैं।
बयान के अनुसार, प्रत्येक वयस्क यात्री का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यात्रा मुफ्त होगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों का किराया 25 रुपये होगा।
फिलहाल टिकट दीघा घाट स्थित काउंटर से मिलेंगे। जल्द ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी।
