विशेष ‘स्ट्रे वैकेंसी राउंड’ के बाद एमबीबीएस की 400 से अधिक सीट खाली रह गईं

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 11 नवंबर (ए) मेडिकल काउंसलिंग के विशेष ‘स्ट्रे वैकेंसी राउंड’ के बाद एमबीबीएस की कुल 411 सीट खाली रह गईं। ‘मेडिकल काउंसलिंग कमेटी’ (एमसीसी) के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

विशेष राउंड की सीट सूची में एमबीबीएस की 948 खाली सीट शामिल थीं। इनमें से 537 सीट अभ्यर्थियों को आवंटित की गईं, जबकि काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद 411 सीट खाली रह गईं।

सूत्रों के मुताबिक, खाली रह गई सीट की संख्या पिछले साल की तुलना में काफी अधिक है, क्योंकि पिछले साल एमबीबीएस की केवल 60-70 सीट खाली रह गई थीं।

स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पहले के काउंसलिंग राउंड पूरे होने के बाद बची हुई सीट को भरने के लिए एमसीसी ने विशेष ‘स्ट्रे वैकेंसी राउंड’ आयोजित किया था।

उच्चतम न्यायालय ने एमसीसी को काउंसलिंग के चार राउंड आयोजित करने का निर्देश दिया था, लेकिन समिति ने पांचवां राउंड भी आयोजित किया।

विशेष ‘स्ट्रे वैकेंसी राउंड’ का आयोजन नियमित मेडिकल काउंसलिंग राउंड के बाद खाली रह गई सीट को भरने के लिए किया गया था।