भोपाल: 12 नवंबर (ए) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य नेता बृहस्पतिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई की त्रयोदशी में भोपाल पहुंचे और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजनाथ और योगी के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव सहित देश व प्रदेश के कई नेताओं ने भी दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और चौहान एवं उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति पर शोक जताया।
चौहान की मां का 30 अक्टूबर को भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और एम्स भोपाल में उनका उपचार चल रहा था।
सीहोर जिले में स्थित शिवराज के पैतृक गांव जैत में उनकी मां का वैदिक परंपराओं एवं विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था।
