महराजगंज (उप्र), 15 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में रविवार सुबह करीब 18 वर्षीय एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई और परिजनों द्वारा उसकी मांग नहीं मानने पर नीचे कूदने की धमकी दी।
हालांकि निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया गांव की इस घटना में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवती का शीशगढ़ गांव के एक युवक से प्रेम संबंध है और वह उससे शादी करना चाहती है, मगर युवक के दूसरी जाति का होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि परिवार की असहमति से नाराज युवती रविवार सुबह करीब पांच बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकली और गांव के पास स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी की मांग स्वीकार नहीं किए जाने पर टावर से कूदने की धमकी दी।
सूत्रों ने बताया कि युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
उनके मुताबिक सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ मिलकर युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि काफी देर तक चली मशक्कत के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।
निचलौल थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
