उप्र: भाजपा विधायक केतकी सिंह के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में युवक पर मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश बलिया
Spread the love

बलिया: 15 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बांसडीह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक केतकी सिंह के खिलाफ ‘फेसबुक’ पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने और उनकी आपत्तिजनक तस्वीर प्रसारित करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि मनियर थाना क्षेत्र के बड़गांव निवासी संजय कुमार राजभर की शिकायत पर शनिवार रात आशीष कुमार गोंड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के जसांव गांव निवासी आशीष कुमार गोंड ने ‘फेसबुक’ पर रोहित सिंह माही के नाम से कथित तौर पर फर्जी आईडी बना रखी है।अधिकारी ने बताया कि युवक पर आरोप है कि इस आईडी के जरिए वह भाजपा विधायक केतकी सिंह के अलावा अन्य महिलाओं व लोगों की गलत तस्वीरें पोस्ट कर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां और गाली-गलौज करता है तथा उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करता है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।