पुलिस हिरासत में व्यक्ति की मौत, छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

करनाल: 16 नवंबर (ए) हरियाणा के करनाल में कथित तौर पर पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की मौत के संबंध में छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान बिजना गांव के 32 वर्षीय जितेंद्र उर्फ ​​जैकी के रूप में हुई है। मृतक के परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले सीआईए-2 (अपराध जांच एजेंसी) के कुछ कर्मी जितेंद्र को पकड़कर ले गए थे, जिसकी हिरासत में मौत हो गई।

राम नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मौत के संबंध में छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि नामजद किए गए छह पुलिसकर्मियों में सीआईए-2 का एक निरीक्षक और हेड कांस्टेबल संदीप भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की 103 (1) (हत्या), 61 (आपराधिक साजिश) और 127 (6) (गलत तरीके से कैद में रखना) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना के संबंध में न्यायिक जांच शुरू की गई, और शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की देखरेख में चिकित्सकों के एक बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम किया गया।

मृत व्यक्ति के परिजनों, रिश्तेदारों तथा अन्य लोगों ने घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था और पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी थी।

मामला मृतक के भाई की शिकायत पर दर्ज किया गया, जिसने आरोप लगाया कि 11 नवंबर की सुबह सीआईए-2 की टीम जितेंद्र को यह कहकर उठा ले गई कि उससे किसी मामले में पूछताछ करनी है।