किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में मुठभेड़ के बाद युवक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश गौतम बुद्ध नगर
Spread the love

नोएडा: 19 नवंबर (ए) ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि 13 वर्षीय किशोरी बादलपुर थाना क्षेत्र के कल्दा गांव में अपने मामा के घर रहकर एक स्कूल में पढ़ाई करती है। उसके पड़ोस में रहने वाला रोहित उर्फ चंद्रा (19) बुधवार रात करीब एक बजे उसे घर से अगवा कर खेत में ले गया, जहां उसने किशोरी के साथ मारपीट की और उसके साथ दुष्कर्म किया।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के किशोरी को बरामद कर लिया। किशोरी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है, जिसके बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस आसपास के इलाकों में जांच कर रही थी और इसी दौरान वह बंबावड़ गांव के पास दिखाई दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली आरोपी के पैर में लगी।

अधिकारी के मुताबिक घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि किशोरी आरोपी को मामा कहकर बुलाती थी।