नयी दिल्ली: 19 नवंबर (ए) कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है। पार्टी ने कई सचिवों की जिम्मेदारियों में बदलाव करने के साथ विभिन्न राज्यों और संगठनात्मक विभागों के लिए नए सचिवों की नियुक्ति भी की है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने इन नियुक्तियों और जिम्मेदारियों में बदलाव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है। पार्टी ने जिन 25 निवर्तमान AICC सचिवों और संयुक्त सचिवों को कार्यमुक्त किया है, उनमें अंबा प्रसाद, बी.एम. संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा, मंसूर अली खान, नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, ऋत्विक मकवाना, एस.ए. संपत कुमार, संजना जाटव, शाहनवाज आलम, टी.एन. प्रतापन, उषा नायडू, वी.के. अरिवझगन, विदित चौधरी, मैथ्यू एंटनी, रणविजय सिंह लोचव और विजय जांगिड़ शामिल हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार, देशभर में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारियों (AICC सचिवों) को बदल दिया है। नई सूची में मध्य प्रदेश के कई प्रमुख युवा और वरिष्ठ नेताओं को दूसरे राज्यों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके तहत पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को उत्तर प्रदेश, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे को पंजाब और भूपेंद्र मरावी को झारखंड का सह-प्रभारी (AICC सचिव) बनाकर भेजा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय विभागों के लिए कुल 81 AICC सचिवों की नियुक्ति और पुनर्नियुक्ति की सूची जारी की है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
