उप्र: मथुरा में कांग्रेस के सामाजिक न्याय सम्मेलन में जातिगत जनगणना और राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठा

उत्तर प्रदेश मथुरा
Spread the love

मथुरा: 22 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना और आबादी के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी के मुद्दों पर अपना अभियान तेज करते हुए रविवार को मथुरा के दामोदरपुरा गांव में सामाजिक न्याय एवं भागीदारी सम्मेलन आयोजित किया।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) विभाग के आह्वान पर आयोजित इस सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को सत्ता, संसाधनों तथा राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई।कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई केवल किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है।

उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में भागीदारी मिलने पर ही वास्तविक सामाजिक न्याय स्थापित हो सकता है। जयहिंद ने जातिगत जनगणना को सामाजिक न्याय की दिशा में पहला जरूरी कदम बताते हुए कहा कि इससे विभिन्न सामाजिक वर्गों की वास्तविक आबादी के साथ ही शिक्षा, रोजगार और राजनीति में उनके प्रतिनिधित्व की स्थिति स्पष्ट होगी।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय और भागीदारी के मुद्दे को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाया है और पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाएगी।कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, रोजगार और आरक्षण के मुद्दों पर महत्वपूर्ण होगा।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर एक राजनीतिक विकल्प तैयार कर रही है।