दूध कारोबारी की गोली मारकर हत्या

बिहार मुजफ्फरपुर
Spread the love

मुजफ्फरपुर: 22 नवंबर (ए) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में, मोटरसाइकिल से घर लौट रहे एक दूध कारोबारी की कथित तौर पर लूटपाट की कोशिश के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस वारदात को शनिवार देर रात भदसन और राजापाकर गांवों के बीच सड़क पर अंजाम दिया गया। इसने बताया कि घटना के समय बरियारपुर थाना क्षेत्र के बाजिदपुर असोग गांव निवासी संजय कुमार राय एक दावत में शामिल होकर घर लौट रहे थे।मुजफ्फरपुर (पूर्व) के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ)-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को राय सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले, और उनकी मोटरसाइकिल पास ही खड़ी थी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

राय के बेटे नीतेश कुमार ने दावा किया कि उनके पिता की सोने की चेन गायब है और घटनास्थल पर हनुमान जी का एक टूटा हुआ लॉकेट मिला। उन्होंने आशंका जताई कि लूट की कोशिश का विरोध करने पर संभवत: उनके पिता की हत्या की गई।

सिंह ने कहा, ‘‘हम हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने तथा उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।’’

स्थानीय जिला परिषद सदस्य सुरेश प्रसाद यादव ने मांग की कि दोषियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए।