सोनीपत(हरियाणा): 23 नवंबर (ए) दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल को दहेज मांगने और दुल्हन के परिवार द्वारा उसकी पसंद की मारुति ब्रेजा कार नहीं दे पाने के कारण रिश्ता तोड़ने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के बाहरी-उत्तर जिले में तैनात कांस्टेबल कुलदीप को विभागीय कार्रवाई लंबित रहने तक निलंबित किया गया है।सोमवार को जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘पुलिसकर्मी के आचरण को गंभीरता से लिया गया है और निर्धारित नियमों के अनुसार उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।’’
यह घटना 20 नवंबर को हरियाणा के सोनीपत में हुई, जहां मामचंद वाटिका में शादी होनी थी।
दुल्हन के पिता सुभाष कुमार द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार, उन्होंने दूल्हे के लिए लगभग 9.5 लाख रुपये मूल्य की ‘हुंदै ऑरा’ कार बुक की थी। हालांकि, कुलदीप ने यह कहते हुए कि उसके लिए बुक की गई कार उसे पसंद नहीं आई, लगभग 13 लाख रुपये मूल्य की मारुति ब्रेजा की कथित तौर पर मांग की।
कुमार ने दावा किया कि उसने हुंदै ऑरा की बुकिंग रद्द कर दी और ब्रेजा का इंतजाम करने की कोशिश की, लेकिन कुछ शोरूम में उपलब्ध न होने के कारण उसे वह कार नहीं मिल पाई।
दुल्हन के परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने सोफे और अलमारी सहित फर्नीचर, दूल्हे के लिए दो तोला (लगभग 20 ग्राम) सोने की चेन और उसकी मां के लिए चार तोला (लगभग 40 ग्राम) सोने की बालियां, साथ ही अन्य उपहारों का भी इंतजाम किया था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवार ने उसके भाई और उसकी भाभी के लिए गहनों की मांग की थी। उन्होंने दूल्हे के परिवार के कहने पर शादी के लिए एक सजी-धजी घोड़ी और एक डीजे का भी इंतजाम किया था।
शादी के दिन कुलदीप और उसकी मां शाम करीब 7.15 बजे साधारण कपड़ों में शादी के मंडप पहुंचे। दूल्हे को जब पता चला कि ब्रेजा कार का इंतजाम नहीं हुआ है, तो उसने दुल्हन के परिवार को कथित तौर पर गाली दी और शादी की रस्में पूरी करने के बार-बार अनुरोध के बावजूद अपनी मां के साथ मंडप से चला गया।
सोनीपत के पुलिस उपायुक्त जितेंद्र गहलावत ने सोमवार को बताया कि दुल्हन के परिवार ने इस संबंध में एक शिकायत दी है।
पुलिस ने बताया कि परिवार ने सामुदायिक स्तर पर मामले को सुलझाने के लिए एक दिन का समय मांगा है और अनुरोध किया कि तब तक कोई कार्रवाई न की जाए।
