बंगाल में सरकारी बिजली वितरण कंपनी के उपभोक्ताओं को जनवरी से मासिक बिल मिलेंगे

राष्ट्रीय
Spread the love

कोलकाता, 23 नवंबर (ए) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि राज्य संचालित बिजली वितरण कंपनी के सेवा वाले क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को जनवरी से हर महीने बिजली के बिल मिलेंगे, जबकि अब तक तिमाही बिल मिलते हैं।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए अधिकारी ने कहा कि राज्य बिजली वितरण कंपनी के क्षेत्रों के निवासी लंबे समय से तिमाही बिलों के स्थान पर मासिक बिल की मांग कर रहे थे, क्योंकि एक साथ तीन महीने का शुल्क चुकाना कई परिवारों के लिए कठिनाई पैदा कर रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है और इस लंबे समय से चली आ रही प्रथा को समाप्त करने का निर्णय लिया है।’’

सीईएससी लाइसेंस क्षेत्रों के उपभोक्ता पहले से ही हर महीने अपने बिलों का भुगतान करते हैं। राज्य के बाकी हिस्सों में मुख्य रूप से राज्य की बिजली कंपनी—पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा सेवा दी जाती है। हालांकि, राज्य बिजली कंपनी के अंतर्गत आने वाले न्यू टाउन क्षेत्र में पहले से ही मासिक बिल जारी किया जाता है।

तिमाही बिलिंग प्रणाली वाम मोर्चा के शासनकाल से ही लागू थी।

ममता बनर्जी सरकार के दौरान भी यह मुद्दा कई बार चर्चा के लिए आया था, लेकिन इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया था।