नयी दिल्ली: 29 नवंबर (ए) उच्चतम न्यायालय सोमवार को ‘कंटेंट क्रिएटर’ आमिर शौकीन की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें उसने त्रिपुरा में अपने खिलाफ दर्ज नस्लीय दुर्व्यवहार के मामले को स्थानांतरित करके दिल्ली में दर्ज मामले के साथ जोड़ने का अनुरोध किया है।
भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इस रिट याचिका पर सुनवाई करेगी।
एक स्थानीय अदालत ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में त्रिपुरा के एक युवक के खिलाफ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार से जुड़े मामले में गिरफ्तारी के दो दिन बाद, 24 अक्टूबर को शौकीन को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। तब से अदालत समय-समय पर उसकी हिरासत की अवधि बढ़ाती रही है।
त्रिपुरा पुलिस 10 नवंबर को शौकीन को ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर लेकर गई और उसे वहां की एक स्थानीय अदालत में पेश किया।
यह मामला सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें शौकीन ने कथित तौर पर त्रिपुरा के एक युवक के बारे में आपत्तिजनक और नस्लीय रूप से अपमानजनक टिप्पणियां की थीं।
इस वीडियो को लेकर व्यापक आक्रोश देखने को मिला था। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। वीडियो का संज्ञान लेने के बाद दिल्ली पुलिस ने शौकीन को गिरफ्तार कर लिया था।
