जमीन विवाद में दिव्यांग विधवा की गला घोंटकर हत्या

उत्तर प्रदेश भदोही
Spread the love

भदोही: 29 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को जमीन विवाद को लेकर 55 वर्षीय एक दिव्यांग विधवा की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, गोपीगंज थाना क्षेत्र के गोपेपुर गांव में गुड़िया देवी का शव उनके कमरे में चारपाई पर मिला।

पुलिस ने बताया कि दोपहर में उनका भतीजा श्रेयांश जब उन्हें खाना देने पहुंचा तो उसने शव देखा।

गोपीगंज थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गुड़िया देवी के पति की पांच साल पहले मृत्यु हो गई थी और दोनों पैरों से दिव्यांग होने के कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ थीं।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में महिला की गर्दन पर गला घोंटे जाने के निशान मिले हैं और आशंका है कि किसी चौड़ी बेल्ट या इसी तरह की किसी अन्य वस्तु से उनका गला घोंटा गया।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि महिला ने अपने कमरे से सटी एक बड़ी जमीन का कुछ हिस्सा बेच दिया था लेकिन पूरी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर विवाद था।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और श्वान दस्ते की मदद से जांच की गई।

पुलिस के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले की जांच की जा रही है