सोलापुर हवाई अड्डे पर एक प्रशिक्षण विमान रनवे से फिसला, पायलट है सुरक्षित

राष्ट्रीय
Spread the love

सोलापुर: 12 नवंबर (ए) महाराष्ट्र के सोलापुर में उतरते समय एक प्रशिक्षण विमान के अगले पहिये का टायर फट गया, जिससे वह फिसलकर रनवे से बाहर चला गया लेकिन पायलट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

पुलिस ने बताया कि ‘रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी’ द्वारा संचालित ‘टेकनम पी-मेंटर’ विमान अपराह्न करीब ढाई बजे हवाई अड्डे पर उतरते समय जोर से जमीन से टकराया और फिसलकर रनवे से बाहर चला गया।

एक अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षु महिला पायलट ज्योति तंवर कलबुर्गी-बारामती-सोलापुर-कलबुर्गी मार्ग पर अकेले विमान उड़ा रही थीं तथा इस हादसे में उन्हें कोई चोट नहीं आई।

उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त विमान के आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है।

पुलिस ने पहले कहा था कि हादसा उड़ान भरते समय हुआ, लेकिन बाद में उसने स्पष्ट किया कि ऐसा विमान के उतरते समय हुआ।

क्षतिग्रस्त विमान इटली की कंपनी ‘टेकनम’ द्वारा निर्मित दो सीट वाला हल्का विमान है, जिसमें एक इंजन है। इसे शुरुआती स्तर से लेकर उपकरणों की सहायता से विमान उड़ाने तक का प्रशिक्षण देने के लिए तैयार किया गया है।

इस प्रशिक्षण के तहत विमान उड़ाने का कोई पूर्व अनुभव नहीं रखने वाले छात्रों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाता है, ताकि वे निजी पायलट लाइसेंस और उपकरणों की सहायता से विमान उड़ाने की योग्यता (इंस्ट्रूमेंट रेटिंग) हासिल कर सकें।

विमान रनवे के पक्के हिस्से से बाहर निकलकर आगे की ओर झुकी हुई तिरछी स्थिति में रुक गया।

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में विमान के पास हवाई अड्डे के कर्मचारी और पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।

हादसे के तुरंत बाद दमकल की गाड़ियां, एक एम्बुलेंस और पुलिसकर्मी हवाई अड्डे पर पहुंच गए थे।

पिछले साल दिसंबर में ‘रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी’ का ‘टेकनम पी-मेंटर’ प्रशिक्षण विमान मध्यप्रदेश में सुकतारा हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

नियमित उड़ान और लैंडिंग जांच के दौरान उतरने के अंतिम चरण में विमान के इंजन की शक्ति अचानक कम हो गई थी, जिसके कारण प्रशिक्षक को विमान को आपात स्थिति में उतारने का प्रयास करना पड़ा था।

प्रशिक्षक को मामूली चोटें आईं, जबकि प्रशिक्षु पायलट को गंभीर चोटें आईं।