पटना: 26 अक्टूबर (ए) बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 17 वर्षीय एक लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार को खगौल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ददन हांडी रोड गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 102 में हुई।
दानापुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-2 अमरेंद्र ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘रविवार दोपहर करीब दो बजे घटना की सूचना मिली थी। लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाला व्यक्ति पहले से उसका परिचित था।’’
उन्होंने बताया कि लड़की को चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए पटना स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेजा गया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
