अहमदाबाद विमान हादसा: विभिन्न राज्यों के मु्ख्यमंत्रियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने जताया दुख

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 12 जून (ए)।) अहमदाबाद हवाई अड्डे से 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लंदन ले जा रहे एअर इंडिया के एक विमान के बृहस्पतिवार दोपहर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त होने पर देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और शीर्ष नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।

एअर इंडिया ने एक बयान में बताया कि अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया के लंदन जाने वाले बोइंग 787-8 विमान में चालक दल से सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को अहमदाबाद से लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने इस घटना को “बेहद दुखद” बताया और पीड़ितों के परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। लंदन जा रहा ‘एअर इंडिया’ का विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के सदस्यों समेत 242 यात्री सवार थे।

आदित्यनाथ ने कहा, “अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की खबर बहुत दुखद है। इसमें कई यात्रियों की जान चली गई है। मैं ईश्वर से सभी की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं और आशा करता हूं कि ऐसी घटनाओं में और लोगों की जान न जाए।”

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के लिए शक्ति और साहस की प्रार्थना की और उन्हें दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार की एकजुटता का आश्वासन दिया। उन्होंने ये टिप्पणी राज्य की राजधानी में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अहमदाबाद विमान हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि इस दुखद दुर्घटना का त्वरित स्पष्टीकरण सामने आना चाहिए ताकि सभी प्रकार की आशंकाएं दूर हो सकें।