जेल में हत्यारोपी अमन सिंह की गोली मारकर हत्या 

झारखण्ड धनबाद
Spread the love

धनबाद (झारखंड), तीन दिसंबर (ए) धनबाद के उपमहापौर हत्याकांड के आरोपियों में से एक अमन सिंह की शनिवार दोपहर यहां जेल में कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।.

धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार ने ‘ बताया, ‘‘अपराह्न तीन बजे यह घटना घटी। जेल में सिंह को गोली मार दी गयी। इसकी जांच शुरू की गयी है कि इस घटना की सटीक वजह क्या थी और इसके पीछे किसका हाथ है।’’.एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि कैदियों के बीच विवाद के बाद भोजन के दौरान अचूक निशानेबाज सिंह को कथित रूप से गोली मार दी गयी।

पुलिस के अनुसार, सिंह को शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जब यह खबर फैली तब धनबाद के उपायुक्त बरूण रंजन, कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी जेल पहुंचे।

इस घटना से प्रशासन की भौहें तन गयी हैं, क्योंकि धनबाद के उपायुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों ने 25 नवंबर को धनबाद जेल का निरीक्षण किया था, लेकिन उन्हें वहां कोई हथियार नहीं मिला था।

उत्तर प्रदेश के विशेष कार्यबल ने मई, 2021 में मिर्जापुर जिले के समीप सिंह को गिरफ्तार किया था। हत्या के आरोप के अलावा सिंह पर धनबाद एवं बोकारो जिले में व्यापारियों से जबरन वसूली करने का भी आरोप था।