चेन्नई: 25 जुलाई (ए)
) चेन्नई के किलपॉक स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ) में अदालत के आदेश पर मनोरोग उपचार करा रहे 27 वर्षीय हत्या के एक आरोपी की एक अन्य मरीज ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। अस्पताल के सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान कोयंबटूर जिले के पोल्लाची निवासी जाकिर के रूप में हुई है। उसे बोलने में कुछ कठिनाई होती थी।
जाकिर को वर्ष 2024 में अलीयार उद्यान में एक बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण पोल्लाची की एक अदालत के आदेश पर जाकिर को नवंबर 2024 में इलाज के लिए किलपॉक मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भर्ती कराया गया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी अरविंदसामी (19) तेनकासी जिले का रहने वाला है। वह अपनी ही मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद, अदालत के आदेश पर उसे भी इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस के अनुसार, दोनों मरीजों के बीच पिछले कुछ समय से तनाव बना हुआ था। संस्थान में शौचालय की नियमित सफाई के दौरान उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। यह विवाद 20 जुलाई को तब अपने चरम पर पहुंच गया, जब दोनों के बीच बहुत तीखी बहस हो गई।
पुलिस ने बताया कि विवाद के बाद अरविंदसामी ने जाकिर के सिर और चेहरे पर लगातार मुक्कों से मारा। इसके बाद गंभीर रूप से घायल जाकिर को तुरंत इलाज के लिए स्टेनली सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान बृहस्पतिवार देर रात उसकी मौत हो गई।
सचिवालय कॉलोनी थाना पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अरविंदसामी को कड़ी निगरानी में मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में ही रखा जाएगा।