एग्जिट पोल का अनुमान आते ही अपर्णा यादव का बयान, बोलीं- जय भाजपा, तय भाजपा

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love


लखनऊ,07 मार्च (ए)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का आखिरी चरण आज शाम को खत्म हो गया। अब धीरे-धीरे Exit Polls के नतीजे सामने आ रहे हैं लेकिन सारी तस्वीर 10 मार्च की मतगणना के बाद साफ होगा। शुरुआती एग्जिट पोल के अनुसार, उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनती दिख रही है। तीन एग्जिट पोल में बीजेपी+ को 200 से अधिक सीटें हासिल होती हुई दिख रही हैं। हालांकि, एग्जिट पोल में यह भी कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) कड़ी टक्कर दे रही है।
एग्जिट पोल के नतीजों से भाजपा के नेता उत्साहित दिख रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने एग्जिट पोल के Koo पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अपर्णा यादव ने लिखा, ‘जय भाजपा, तय भाजपा |’ सीएनएन न्यूज 18 की ओर से जारी एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आ रही है। भाजपा गठबंधन के पास 240 सीटें आ रही हैं, सपा के पास 140 तो बसपा के पास 17 सीटें आ रही हैं। जबकि कांग्रेस के खाते में एक भी सीट नहीं आ रही है।
वहीं, रिपब्लिक भारत एग्जिट पोल के नतीजों के अनुसार, यूपी में एक बार फिर योगी सरकार सत्ता में वापसी कर रही है। उत्तर प्रदेश को लेकर रिपब्लिक के एग्जिट पोल में बताया गया है कि भाजपा गठबंधन को 262-277 सीटें मिल सकती हैं। वहीं एसपी गठबंधन को 119-134 सीटें, बीएसपी को 07-15 और कांग्रेस को 3-08 सीटें मिलने की बात कही गई है।
बता दें कि मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव उत्‍तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए पहले चरण की वोटिंग से ऐन पहले भाजपा में शामिल हो गई थीं। इसके बाद से वह लगातार अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार कर रही थीं। इस दौरान वह राज्य की मुख्‍य प्रतिद्वंद्वी पार्टी सपा पर करारा प्रहार करने से भी नहीं चूक रही थीं। भाजपा का दामन थामने के बाद अपर्णा यादव ने योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की थी।