विद्रोह की आशंका: शिवसेना (यूबीटी) ने अपने सांसदों को दिल्ली में बैठक में शामिल होने के लिए व्हिप जारी किया

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई, 17 जून (ए)। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी में संभावित विद्रोह की अटकलों के बीच, शिवसेना (यूबीटी) ने अपने सांसदों को नई दिल्ली में “महत्वपूर्ण मुद्दों” पर चर्चा करने के लिए एक बैठक में शामिल होने का व्हिप जारी किया है। यह जानकारी बुधवार को सूत्रों ने दी है।

 

उन्होंने कहा कि जो लोग बैठक में अनुपस्थित रहेंगे, उनके खिलाफ पार्टी अयोग्यता की कार्यवाही शुरू कर सकती है।

 

गौरतलब है कि पार्टी ने 2022 में भी इसी तरह का व्हिप जारी किया था जब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में 39 विधायकों ने शिवसेना नेतृत्व के खिलाफ बगावत की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही शुरू की गई थी।

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) संकट के दौर से गुजर रही है, क्योंकि उसके नौ लोकसभा सांसदों में से “छह से सात” सांसद शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने के इच्छुक हैं और राष्ट्रीय राजधानी में डेरा डाले हुए हैं। इस बीच उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) में फूट पड़ने की अटकलें तेज होने के बीच पार्टी नेता संजय राउत ने बुधवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के कुछ सांसदों को पाला बदलने के लिए ‘‘50 करोड़ रुपये’’ की पेशकश की जा रही है और उन्होंने बागी सांसदों को पार्टी छोड़ने से पहले इस्तीफा देने की चुनौती भी दी।