बीजिंग: 16 सितंबर (ए) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बुधवार को कहा कि अमेरिका के साथ संघर्ष जारी रखने में तेहरान रुचि नहीं रखता और कूटनीतिक समाधान की ओर लौटने को लेकर आशान्वित है। उन्होंने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के ताजा घटनाक्रम की जानकारी भी दी। ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण होर्मुज में पोत और तेल टैंकरों की आवाजाही पहले ही प्रभावित हो रखी है। इससे बड़े स्तर पर ऊर्जा संकट पैदा हो रखा है। अराघची ने कहा कि तेहरान अमेरिका-ईरान समझौता ज्ञापन को अभी भी प्रभावी मानता है और होर्मुज को दोबारा खोलने की व्यवस्था को लेकर ओमान के साथ समझौता हो चुका है। उन्होंने अमेरिका से अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का भी अनुरोध किया। अराघची ने कहा कि ईरान क्षेत्रीय देशों के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है, ताकि अच्छे पड़ोसी संबंध बनाए जा सकें और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता वापस लाने के लिए काम किया जा सके। बैठक में होर्मुज प्रमुख मुद्दों में से एक रहा।वांग यी ने सभी पक्षों से जल्द से जल्द होर्मुज को दोबारा खोलने के लिए प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया। इसको लेकर कड़े फैसले लिए जाएं। उन्होंने कहा कि वहां सुरक्षित और बिना रुकावट पोत की आवाजाही सुनिश्चित होनी चाहिए और वैश्विक ऊर्जा परिवहन तथा आपूर्ति श्रृंखला की स्थिरता बनाए रखनी चाहिए। ईरान और अमेरिका दोनों को युद्ध खत्म करने के लिए इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर वापस लौटना चाहिए। दोनों के बीच युद्ध का लगातार जारी रहना संबंधित पक्षों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साझा हित में नहीं है। चीन चाहता है कि ईरान और अमेरिका संयम बरतें, समझदारी से काम लें। इसके बाद बातचीत की व्यवस्था फिर से शुरू की जाए और दोनों पक्ष अपने-अपने मुद्दों पर गंभीर बातचीत करें।
