छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद सहायक प्रोफेसर बर्खास्त, गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

जोधपुर: 12 अक्टूबर (ए) राजस्थान के जोधपुर में एक विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर को छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद बर्खास्त कर गिरफ्तार कर दिया गया है। छात्राओं ने आरोप लगाया है कि प्रोफेसर उन्हें अश्लील संदेश भेजता था और निजी संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था।

पुलिस के अनुसार, एक छात्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रोफेसर इस साल जनवरी से उसके साथ बार-बार अनुचित व्यवहार कर रहा था और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता था। छात्रा ने उस पर पीछा करने और परेशान करने का भी आरोप लगाया।शनिवार को विद्यार्थियों ने प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कुलपति ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रोफेसर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं और मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की।

कुलपति ने कहा कि आरोपी प्रोफेसर को बर्खास्त कर दिया गया है।

पुलिस ने शिकायतों के आधार पर करवड़ थाने में मामला दर्ज किया और सोमवार को प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी परमेश्वरी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

थाना प्रभारी ने कहा, ‘उससे पूछताछ की जाएगी और अब उसके मोबाइल फोन से मिले डेटा की जांच की जाएगी।’

सूत्रों के अनुसार, छात्राओं ने शिकायत की है कि प्रोफेसर उन्हें ‘व्हाट्सऐप’ और ‘इंस्टाग्राम’ के जरिये आपत्तिजनक संदेश भेजता था और जवाब नहीं देने पर धमकाता था।

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि प्रोफेसर उन पर निजी संबंध बनाने का दबाव डालता था, उन्हें अपने कमरे में आने के लिए कहता था और उनके कपड़ों तथा शारीरिक बनावट को लेकर अनुचित टिप्पणियां करता था।