बिहार में भाजपा प्रवक्ता को बदमाशों ने दिन-दहाड़े मारी गोली

बिहार मुंगेर
Spread the love


मुंगेर, 27 जनवरी एएनएस। बिहार के मुंगेर में बुधवार को अज्ञात बदमाशों ने भाजपा के प्रवक्ता डॉ. अजफर शम्शी को इवनिंग कॉलेज के पास दिन दहाड़े गोली मार दी और फरार हो गए। उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। भाजपा प्रवक्ता को दिनदहाड़े गोली मारे जाने की घटना से हर कोई हैरान है। जानकारी के अनुसार अजफर मुंगेर के इवनिंग कॉलेज में प्रोफेसर भी हैं। घटना के समय वह अपनी कार से निकल रहे थे। उनकी ताक में अपराधी पहले से ही वहीं पर मौजूद थे। जैसे ही वह अपनी कार से निकले, बदमाश उन्हें अपना निशाना बनाते हुए गोली चलाने लगे। गोली लगने से अजफर जख्मी हो गए और गिर पड़े। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। उनकी पहचान के लिए आसपास के कई इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
गोली लगने से घायल हुए शम्शी को जल्दी-जल्दी में सदर अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज हो रहा है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली अजफर की जांघ में लग गई। इससे वह गिर पड़े। अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि भाजपा प्रवक्ता को गोली क्यों मारी गई। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है और छानबीन में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। 

इस खबर को सुनने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने यह जानकारी भी दी कि अफजर शम्शी सुरक्षित हैं और मामले में ठोस कार्रवाई को लेकर उन्होंने डीजीपी से बात भी की है।