खेत में मिले युवक समेत तीन लोगों के शव, हत्या की आशंका

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर, 21 अक्टूबर (ए) राजस्थान के धौलपुर जिले में बुधवार को एक खेत में 22 वर्षीय युवक और उसके दो नाबालिग भतीजों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किये गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है।

पुलिस के अनुसार, कंचनपुर थाना क्षेत्र के पूरा सिकरौंदा गांव में घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक खेत में सन्नी (10) और मानव (आठ) के शव जमीन पर पड़े मिले जबकि उनके चाचा विष्णु का शव एक पेड़ से लटका हुआ था।

क्षेत्राधिकारी मनोहर लाल मीणा ने बताया कि पुलिस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या का मान रही है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौतों की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

पुलिस के अनुसार, विष्णु अपनी मां और दोनों भतीजों के साथ मंगलवार को धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करीब 22 किलोमीटर दूर बसेड़ी क्षेत्र के आकपुरा गांव में एक रिश्तेदार के घर गया था।

पुलिस ने बताया कि विष्णु की मां अपनी बेटी के घर रुक गई थीं जबकि वह दोनों बच्चों को मोटरसाइकिल पर लेकर घर के लिए रवाना हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन तीनों का पता नहीं चल सका।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति ने सरकारी चरागाह में तीनों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी।

कंचनपुर थानाधिकारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाड़ी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।