पेड़ से लटके मिले दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर
Spread the love

शाहजहांपुर (उप्र): नौ नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सोमवार सुबह दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटके मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि घटना निगोही थाना क्षेत्र के हरैया गांव की है। सोमवार सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने पेड़ से लटके दोनों लड़कियों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि मृतक लड़कियों की उम्र 17 और 15 वर्ष थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दीक्षित के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों लड़कियां सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करती थीं। उनकी मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

उन्होंने कहा कि दोनों लड़कियों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस उनके परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों चचेरी बहनों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ रहती थीं। उनके घर भी एक-दूसरे से कुछ ही दूरी पर स्थित थे।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।