लंदन: 26 अप्रैल (ए) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन करके व्हाइट हाउस संवाददाताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम में हुई गोलीबारी की घटना में उनके सुरक्षित बचने पर राहत व्यक्त की। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में संवाददाताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बंदूक और चाकुओं से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर उस क्षेत्र में घुस आया, जहां राष्ट्रपति ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता मौजूद थे।
बहरहाल, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे घेरकर तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया।
इस घटना पर हैरानी जताते हुए स्टॉर्मर ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थानों पर किसी भी तरह के हमले की निंदा की जानी चाहिए।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वाशिंगटन में कल रात व्हाइट हाउस में आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम में जो दृश्य देखने को मिले, उनसे मैं स्तब्ध हूं। लोकतांत्रिक संस्थाओं या प्रेस की स्वतंत्रता पर किसी भी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।’’
इस झड़प में अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी पर नजदीक से गोली चलाई गई, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास और कार्यालय ‘डाउनिंग स्ट्रीट’ के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘उन्होंने (स्टॉर्मर ने) कल रात व्हाइट हाउस संवाददाताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम में हुई घटना के बाद राष्ट्रपति और प्रथम महिला के सुरक्षित रहने पर राहत जताते हुए घायल अधिकारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।’’
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया के संबंध में नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजरानी सेवाओं को फिर से शुरू करने की तत्काल आवश्यकता पर चर्चा की, क्योंकि इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और ब्रिटेन तथा विश्व स्तर पर लोगों के जीवन यापन की लागत पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।’’