नयी दिल्ली: छह सितंबर (ए) दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार अपराह्न छात्रों के ‘पीजी’ के तौर पर इस्तेमाल की जा रही पांच मंजिला इमारत ढह गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह इलाका दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के ‘साउथ कैंपस’ के प्रमुख हिस्से के पास स्थित है और यहां की संकरी एवं भीड़भाड़ वाली गलियों में कई छात्रावास तथा भोजनालय हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत करीब 20 साल पुरानी थी और घटना के समय, अपराह्न करीब 1.30 बजे, बेसमेंट में निर्माण कार्य जारी था। उसके मुताबिक, ऊपर की संरचना को मजबूत किया गया था, लेकिन नीचे के पिलर कमजोर थे। ग्राउंड फ्लोर पर किराए के लिए जगह बनाने को लेकर इमारत में बदलाव और निर्माण कार्य चल रहा था। चश्मदीद के अनुसार, नीचे काम कर रहे कुछ मजदूर भी मलबे में दब गए। हालांकि, इमारत गिरने की असली वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।मलबा हटाने के लिए जेसीबी समेत दूसरी मशीनों की मदद ली जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि, मलबे में अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
