चीन ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से संघर्ष विराम की अपील की

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

बीजिंग: 27 फरवरी (ए) चीन ने शुक्रवार को पाकिस्तान और अफगानिस्तान से युद्धविराम के लिए बातचीत करने की अपील की। इसी के साथ उसने दोनों दक्षिणी एशियाई देशों के बीच संघर्ष बढ़ने पर चिंता जताई।

चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उनका देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष पर बारीकी से नजर रख रहा है। उन्होंने यह टिप्पणी दोनों देशों के बीच मौजूदा संघर्ष से संबंधित सवालों का जवाब देते हुए की।

माओ ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान करीबी पड़ोसी हैं और दोनों ही चीन के पड़ोसी हैं। एक पड़ोसी और मित्र के रूप में, चीन इस संघर्ष के बढ़ने से बहुत चिंतित है और इसके कारण हुई जानमाल की हानि से बेहद दुखी है।

उन्होंने कहा कि चीन आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने का समर्थन करता है और दोनों पक्षों से शांति और संयम बरतने, संवाद और परामर्श के माध्यम से अपने मतभेदों और विवादों को हल करने तथा अधिक नुकसान से बचने के लिए जल्द से जल्द युद्धविराम लागू करने का आह्वान करता है।

माओ ने कहा कि तनाव कम करने से दोनों देशों और वहां के लोगों के मूलभूत हितों की पूर्ति होगी तथा इससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।