कॉजपा नेता सौरव दास, आशुतोष रांका 13 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन मामले में एईएम के समक्ष पेश हुए

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 17 नवंबर (ए) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका 13 अक्टूबर को हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में अपने जमानतदारों और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के लिए मंगलवार को यहां विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) के समक्ष पेश हुए। न्यायिक हिरासत से रिहाई के समय दोनों पर यह शर्त लगाई गई थी।

उनकी निर्धारित पेशी से पहले मंदिर मार्ग पुलिस थाने में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इससे पहले, दोनों नेता 23 अक्टूबर को एसईएम एवं सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) ऋतु राज के समक्ष पेश हुए थे। यह पेशी सात दिन की न्यायिक हिरासत के बाद तिहाड़ जेल से उनकी रिहाई के दो दिन बाद हुई थी। उस समय उन्हें अपने जमानतदारों और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के लिए 17 नवंबर को पुन: पेश होने का निर्देश दिया गया था।

पिछली सुनवाई के दौरान दास को दिल्ली में अपने वर्तमान आवासीय पते की पुष्टि करने वाला सत्यापन योग्य दस्तावेज जमा करने के लिए भी कहा गया था, क्योंकि वह ऐसा कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाए थे।

दोनों नेताओं ने 21 अक्टूबर को रिहाई के समय व्यक्तिगत जमानत और मुचलका भरने के साथ ही एसईएम के समक्ष लिखित आश्वासन भी दिया था। इसमें उन्होंने कहा था कि जब तक जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए अधिसूचित स्थलों की सूची से बाहर रखा गया है, तब तक वे वहां किसी भी प्रदर्शन का आह्वान नहीं करेंगे।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया था कि वे ऐसी किसी गतिविधि में शामिल नहीं होंगे, जिससे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका हो।

दोनों नेताओं को प्रत्येक सुनवाई की तारीख पर मजिस्ट्रेट के समक्ष उपस्थित होने और अपने मुचलके तथा लिखित आश्वासन में उल्लिखित सभी शर्तों का पालन करने का निर्देश दिया गया था।

यह कार्यवाही 13 अक्टूबर को कनॉट प्लेस और संसद मार्ग पुलिस थानों में दर्ज दो मामलों से संबंधित है। आरोप है कि कॉकरोच जनता पार्टी के 14 सदस्यों ने निजी परिसरों के रास्ते जंतर-मंतर में प्रवेश किया और पुलिसकर्मियों के कामकाज में बाधा डाली।

इन मामलों में अनधिकृत प्रवेश (अतिचार), सरकारी आदेश की अवहेलना और लोक सेवकों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।

इन मामलों को 20 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दिया गया था। मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद दास और रांका पांच नवंबर को राजौरी गार्डन स्थित अपराध शाखा के कार्यालय में भी पेश हुए थे।

दोनों नेताओं को 13 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया था और अगले दिन पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। उनकी हिरासत 19 अक्टूबर को दो दिन के लिए और बढ़ा दी गई थी। इसके बाद एसईएम ने उनके व्यक्तिगत मुचलके और जमानत बॉण्ड स्वीकार किए तथा लिखित आश्वासन दर्ज करने के बाद 21 अक्टूबर को उन्हें रिहा कर दिया था।