नयी दिल्ली: पांच अगस्त (ए) दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर ठगी के लिए चलाए जा रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंड़ाफोड़ किया है और छह लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि कॉल सेंटर ने कथित तौर पर फर्जी शेयर और विदेशी मुद्रा में निवेश का लालच देकर लोगों के साथ ठगी की।पुलिस के अनुसार, द्वारका साइबर सेल को काफी समय से इस अवैध कॉल सेंटर के संचालन की सूचना मिल रही थी। जांच और मुखबिरों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने इंदौर में छापा मारकर कार्रवाई की और मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से लोगों को फोन और ऑनलाइन माध्यमों से झांसे में लेकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने कंप्यूटर, बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन दस्तावेजों से गिरोह के संचालन के तरीके, ठगी के पैटर्न और देशभर में फैले नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस साइबर ठगी गिरोह ने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है।
