पैगंबर विवाद पर देश के कई शहरों में प्रदर्शन, कई जगह बिगड़े हालात

राष्ट्रीय
Spread the love


नई दिल्ली/ प्रयागराज /कोलकाता, 10 जून (ए)। पैगंबर मोहम्मद पर नूपुर शर्मा की टिप्पणी को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते सप्ताह शुक्रवार को कानपुर में इस मसले पर जमकर हिंसा हुई थी और इसे लेकर यूपी सरकार बेहद सतर्क रही। यूपी में आज प्रयागराज और सहारनपुर को छोड़कर कमोबेश शांति बनी रही, लेकिन देश के अन्य राज्यों में विरोध प्रदर्शन हुए। इसकी पहली तस्वीर दिल्ली की जामा मस्जिद से सामने आई, जहां जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग नारेबाजी करने लगे। इन लोगों के हाथों में नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल की तस्वीरों वाले पोस्टर थे। इनकी मांग थी कि नूपुर शर्मा और जिंदल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि मस्जिद के शाही इमाम ने इस प्रदर्शन से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया।
दिल्ली के अलावा यूपी के सहारनपुर में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और प्रयागराज में तो हालात कानपुर जैसे होते-होते बचे। बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे लोगों ने प्रयागराज में हिंसक प्रदर्शन किया और पथराव भी करने लगे। संकरी गलियों से रुक-रुक पत्थरबाजी होती रही। यहां तक कि आईजी भी इस पथराव में घायल हो गए। इसके अलावा लखनऊ, फिरोजाबाद और कानपुर जैसे शहरों में पुलिस बेहद सतर्क रही और इसके चलते किसी तरह का उपद्रव नहीं हो सका। यूपी के अलावा बंगाल के हावड़ा, झारखंड की राजधानी रांची में भी जमकर प्रदर्शन हुए हैं। रांची में भी प्रदर्शनकारियों के हमले में कई पुलिसकर्मियों के जख्मी होने की खबर है। यही नहीं गुजरात के अहमदाबाद जैसे शहरों में भी भारी भीड़ सड़क पर नजर आई।