कोच्चि (केरलम): सात नवंबर (ए) दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी बनाए गए उस डॉक्टर पर कई अन्य महिलाओं का भी यौन शोषण करने का संदेह है, जिसने पहले मलयालम फिल्म अभिनेत्री अतुल्या चंद्रन और अभिनेता बिबिन पेरुमपल्ली पर मारपीट तथा लूटपाट करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इन्फोपार्क पुलिस थाने में चंद्रन की एक रिश्तेदार महिला की शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि डॉक्टर जॉनसन वर्गीज के दो मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई महिलाओं के साथ अंतरंग पलों के वीडियो और तस्वीरें मिली हैं।
दुष्कर्म का मामला शुक्रवार को दर्ज होने के बाद से ही वर्गीज फरार है।
पुलिस ने मोबाइल फोन से बरामद डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच करने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने कहा कि तस्वीरों और वीडियो में दिखाई देने वाली महिलाएं यदि शिकायत लेकर पुलिस के पास आती हैं तो उनके मामलों में भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
मौजूदा मामले में शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने उसका यौन उत्पीड़न किया और इस घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी किया।
पुलिस के अनुसार, महिला ने यह भी आरोप लगाया कि चंद्रन और पेरुमपल्ली ने डॉक्टर के फोन से वीडियो डिलीट कराने के लिए उसे एक अपार्टमेंट में बुलाया था।
बृहस्पतिवार को 41 वर्षीय डॉक्टर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चंद्रन, पेरुमपल्ली और उनके एक दोस्त विष्णु को गिरफ्तार किया था।
डॉक्टर की शिकायत के अनुसार, दो नवंबर को उसे यहां वायटिला स्थित एसेन स्प्रिंगडेल अपार्टमेंट्स के एक फ्लैट में यह कहकर बुलाया गया था कि आरोपियों में से एक की रिश्तेदार की तबीयत खराब है।
डॉक्टर जब फ्लैट पर पहुंचा तो वहां चंद्रन और पेरुमपल्ली समेत करीब 12 लोग मौजूद थे।
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और उसके दो मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच तथा ईयरफोन लूट लिए। इनकी कुल कीमत करीब 3.25 लाख रुपये बताई गई है।
डॉक्टर ने दावा किया कि इन लोगों ने उस पर आरोपियों में से एक की रिश्तेदार को नशीला पदार्थ देकर उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया और उसके साथ कई बार मारपीट की।
चंद्रन और पेरुमपल्ली कई मलयालम फिल्मों में काम कर चुके हैं। दोनों ने जमानत के लिए अदालत का रुख किया है।
