खंडवा: 22 नवंबर (ए)
) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के एक सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बिस्तर पर आवारा कुत्तों के लेटे होने का वीडियो वायरल होने के बाद एक कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना किल्लौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की है।स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के पलंग पर कुत्ते आराम फरमा रहे हैं। इस अस्पताल की अव्यवस्था दिखाने के लिए एक जागरूक ग्रामीण ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही कलेक्टर ने जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कदम उठाने के निर्देश दिए। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि हमारे संज्ञान में आया है कि किल्लौद के स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बिस्तर पर कुत्ते सोते दिखाई दिए। हमने इसमें कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया ओर विभागीय जांच के आदेश दिए।इस दौरान लापरवाही बरतने पर जिम्मेदार कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया गया है तथा घटना के समय ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग ऑफिसर का 7 दिवस का वेतन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।