सीकर में सीवरेज टैंक के लिए खुदाई के दौरान मिट्टी ढही, मजदूर दबा

राष्ट्रीय
Spread the love

सीकर (राजस्थान): आठ अगस्त (ए) सीकर कस्बे के उद्योग नगर थाना इलाके में सीवरेज (सेप्टिक) टैंक के लिए खोदे जा रहे गड्ढे के ढहने से एक मज़दूर उसमें दब गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इसके अनुसार यह घटना पिपराली चौराहे के पास हुई जहां एक महिला छात्रावास में सीवरेज टैंक के लिए खुदाई का काम चल रहा था। पुलिस ने बताया कि खुदाई वाली जगह पर मौजूद एक दूसरे सीवरेज टैंक की गीली मिट्टी ढह गई जिससे मजदूर सिकंदर अली लगभग 23 फुट गहरे गड्ढे में दब गया।

दूसरे मज़दूरों ने शुरू में उसे बचाने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी। मिट्टी हटाने के लिए जेसीबी मशीन मंगवाई गई लेकिन मज़दूर का पता नहीं चल सका। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कारणों से छात्रावास के अगले हिस्से में रह रही छात्राओं को बाहर निकाल लिया गया और बचाव अभियान जारी है।