चंडीगढ़: 20 अक्टूबर (ए) पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में मंगलवार शाम दशहरे का पर्व धूमधाम से मनाया गया और इस दौरान विभिन्न स्थानों पर रावण, उसके पुत्र मेघनाद और भाई कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया।
विजयादशमी के नाम से भी जाना जाने वाला यह त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कश्मीरी पंडितों और कश्मीर में रहने वाले अन्य हिंदुओं ने मंगलवार को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीरी पंडित संघर्ष समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पर्यटकों समेत सैकड़ों लोग शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे।
अधिकारियों के मुताबिक, स्टेडियम के अभ्यास मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने जयकारे लगाए।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर उत्सव का माहौल रहा, लोगों ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाइयां बांटी गईं। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी दशहरा समारोह देखने पहुंचे।
आयोजकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों का आभार जताया।
