घर में घुसी बकरी के विवाद में पिता-पुत्र को गोलियों से उड़ाया

आगरा उत्तर प्रदेश
Spread the love


आगरा, 22 जनवरी एएनएस। यूपी के आगरा में थाना बासौनी क्षेत्र के बीहड़ के गांव पुरा शिवलाल में घर में बकरी घुसने के विवाद में शुक्रवार की दोपहर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। वारदात के बाद हत्यारोपी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ गांव से फरार हो गया।इस घटना से गांव में तनावपूर्ण माहौल है। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात किया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हत्यारोपी के घर की तलाशी में तमंचा और कारतूस मिले हैं। शाम को एसएसपी बबलू कुमार ने भी मौके का मुआयना किया। जानकारी के अनुसार
घटना की शुरुआत दोपहर करीब 12 बजे हुई। भीकम सिंह निषाद और ज्ञानी के घर आपस में सटे हुए हैं। दोपहर को भीकम सिंह की बकरी ज्ञानी के घर में चली गई थी। आरोप है कि किसी ने डंडा मारकर बकरी का पैर तोड़ दिया। बकरी को जख्मी देख भीकम सिंह की पत्नी किशनप्यारी उसके दरवाजे पर पहुंची। बेजुबान को डंडा क्यों मारा? बकरी ने घर में घुसकर क्या नुकसान कर दिया था? यह बोला। यह बात ज्ञानी सिंह के परिजनों को नागवार गुजरी।
परिवार की महिलाओं ने किशन प्यारी को गालियां देना शुरू कर दिया। धक्का मार दिया। मां के चीखने की आवाज सुनकर 20 वर्षीय बेटा जितेंद्र वहां आ गया। उसने मां से अभद्रता का विरोध किया। आरोप है कि ज्ञानी सिंह घर से तमंचा निकाल लाया। उसने जितेंद्र को गोली मार दी। गोली लगते ही जितेंद्र मौके पर गिर पड़ा। इस बात की जानकारी होने पर भीकम सिंह दौड़ा-दौड़ा वहां आया। वह कुछ करता इससे पहले ज्ञानी ने उसे भी गोली मार दी।
112 नंबर पर आई सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में पिता-पुत्र को पुलिस एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर आई। लेकिन दोनों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर एसएसपी बबलू कुमार, एसपी देहात पूर्वी के अशोक बैंकट, सीओ बाह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हत्यारोपी तब तक भाग चुके थे।