मॉस्को: 23 अक्टूबर (एपी) रूसी राष्ट्रपति कार्यालय-सह-आवास ‘क्रेमलिन’ ने शुक्रवार को कहा कि एक नये आयात समझौते के तहत रूसी डीजल लेकर जाने वाला पहला टैंकर रवाना हो गया है।
यह घटनाक्रम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के दो हफ्ते बाद हुआ है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यूक्रेन पर रूस के हमले के बावजूद उन्होंने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक समझौता किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, ‘‘पहला तेल टैंकर ग्राहकों के लिए रवाना हो गया है, और नियमित आपूर्ति जारी रहेगी।’’
रूसी समाचार एजेंसी ‘इंटरफैक्स’ के अनुसार, रूस के उप प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर नोवाक ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा कि पहली खेप में 40,000 टन डीजल होगा।
समुद्री खुफिया फर्म ‘केप्लर’ ने बताया कि जहाज से संकेत मिल रहे हैं कि वह 7 नवंबर को न्यूयॉर्क पहुंचने वाला है। यह जुलाई 2023 के बाद से अमेरिका पहुंचने वाली रूस की पहली डीजल खेप होगी।
अपने पड़ोसी देश पर हमले को लेकर रूस के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंध नीति में अचानक आया बदलाव, मध्यावधि चुनावों से पहले ईंधन की ऊंची कीमतों से निपटने के लिए ट्रंप के एक प्रयास के रूप में देखा गया।
करीब 40,000 टन डीजल की खेप लगभग 300,000 बैरल के बराबर है, जो अमेरिकी अर्थव्यवस्था द्वारा एक दिन में खपत किए जाने वाले लगभग 40 लाख (40 लाख) बैरल डीजल का लगभग 7 प्रतिशत है।
ऊर्जा नीति विशेषज्ञों का कहना है कि इस आयात समझौते से — जिसके बारे में ट्रंप का कहना है कि इससे आगामी महीनों में लाखों टन और रूसी डीजल अमेरिका पहुंचेगा — पेट्रोल पंप या अन्य जगहों पर बहुत अधिक कीमतों में कोई खास कमी आने की संभावना नहीं है।
रूस की तेल रिफाइनरियों पर यूक्रेन के लगातार लंबी दूरी वाले ड्रोन हमलों के कारण वहां डीजल उत्पादन पर दबाव आ गया था। इन हमलों की वजह से ईंधन की कमी हो गई थी, जो अब कुछ हद तक दूर हुई है। पिछले महीने ट्रंप ने कीव से इन हमलों को रोकने के लिए कहा था।
इस बीच, रूस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण, रोसावियात्सिया ने शुक्रवार को बताया कि सुरक्षा कारणों से मॉस्को के चारों हवाई अड्डों — शेरेमेत्येवो, व्नुकुवो, दोमोदेदोवो और ज़ुकोव्स्की — पर उड़ानों का आवागमन रोक दिया गया है।
‘इंटरफैक्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, शेरेमेत्येवो हवाई अड्डे पर यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि रूसी राजधानी को निशाना बनाने वाले 17 यूक्रेनी ड्रोन को वायु रक्षा प्रणालियों ने मार गिराया।
इस बीच, रूस और यूक्रेन ने अगस्त के बाद पहली बार सैकड़ों युद्धबंदियों की अदला-बदली की।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने 270-270 कैदियों को रिहा किया। यूक्रेन ने कहा कि उसके 270 सैनिक और नागरिक मुक्त किये गए हैं, जिनमें से ज़्यादातर 2022 से ही कैद में थे।
