पूर्व एथलीट पद्मिनी थॉमस ने भाजपा छोड़ी, कांग्रेस में लौटेंगी

राष्ट्रीय
Spread the love

तिरुवनंतपुरम: 20 नवंबर (ए) पूर्व भारतीय एथलीट पद्मिनी थॉमस ने शुक्रवार को भाजपा छोड़ने की घोषणा करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी उनसे किए गए वादे पूरे करने में विफल रही है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की मौजूदा उपाध्यक्ष थॉमस ने कहा कि वह शुक्रवार को ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को अपना इस्तीफा सौंप देंगी।

उन्होंने कांग्रेस में लौटने की भी घोषणा की और पार्टी को अपना ”परिवार” बताया।

हाल में स्थानीय निकाय चुनाव में हार का सामना करने वाली थॉमस ने कहा कि वह खेल या राजनीति के क्षेत्र में योगदान देने की उम्मीद से भाजपा में शामिल हुई थीं, लेकिन पार्टी के साथ दो साल के जुड़ाव के दौरान वह ऐसा नहीं कर सकीं।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ”मैं आज ही अपना इस्तीफा सौंप दूंगी। जब मैं भाजपा में शामिल हुई थी, तो मुझे उम्मीद थी कि मैं खेल या राजनीति के क्षेत्र में कुछ कर सकूंगी। लेकिन इन दो वर्षों में मैं कुछ नहीं कर पाई।”

थॉमस ने कहा कि वह किसी खास वादे के आधार पर भाजपा में शामिल नहीं हुई थीं, लेकिन पार्टी का हिस्सा बनने के बाद नेतृत्व की ओर से उन्हें कई आश्वासन दिए गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट देने या खेल क्षेत्र में कोई महत्वपूर्ण पद देने का वादा किया था, लेकिन इनमें से कोई भी पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा उपाध्यक्ष के मौजूदा पद पर रहते हुए उन्हें योगदान देने का कोई अवसर नहीं मिला।

थॉमस ने यह घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल के भाजपा छोड़कर कांग्रेस में लौटने की घोषणा के एक दिन बाद की है।