लाहौर: तीन जुलाई (ए)
) लाहौर में दो विदेशी महिलाओं के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार चार संदिग्धों में पाकिस्तान के एक वरिष्ठ नेता का रिश्तेदार भी शामिल है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। लाहौर पुलिस ने पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर पांचों पुरुषों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक की पहचान मुहम्मद रज़ा डार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी मुहम्मद शहज़ाद ने बताया कि चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पांचवें व्यक्ति की तलाश जारी है।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों में एक नीदरलैंड और एक वेनेजुएला की नागरिक शामिल हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अक्टूबर 2025 में सिंगापुर में डार से मिली थीं, जहां उसने उन्हें पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया था। उसने उनके वीजा की व्यवस्था की और वे दोनों 29 जून को लाहौर पहुंची थीं।
एक पीड़िता ने पुलिस को बताया, ‘‘पाकिस्तान पहुंचने पर रज़ा ने अन्य पुरुषों के साथ मिलकर हमारा अपहरण कर लिया और हमें डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (डीएचए) के एक घर में ले जाया गया, जहां उसने और चार अन्य लोगों ने हमें बंधक बनाकर हमारे साथ बलात्कार किया और हमारी रिहाई के लिए फिरौती की मांग की।’
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उनसे पैसे भी वसूले।
दोनों महिलाओं ने एक स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने बयान भी दर्ज कराए।