खरगोन (मध्यप्रदेश): आठ फरवरी (ए)
) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने रविवार को मोहपाश में फंसाकर ब्लैकमल करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन महिलाओं सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरोह ने पिछले एक साल में करीब 40 लोगों से कथित तौर पर लाखों रुपये की जबरन वसूली की थी।
अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सनावद पुलिस थाने के प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने अभियान चलाया और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अर्चना रावत ने संवाददाताओं को बताया कि गिरोह की महिला सदस्यों ने पहले बातचीत के माध्यम से पीड़ितों को लुभाया और बाद में उन्हें मिलने के लिए बुलाया।
उन्होंने बताया कि बैठकों के दौरान, गिरोह के अन्य सदस्यों ने गुप्त रूप से पीड़ितों के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए और बाद में क्लिप को वायरल करने या उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठ लिए।
रावत ने कहा कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है